यूक्रेन-रूस विवाद: व्लादिमीर पुतिन ने निकाला चुनावी कनेक्शन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको आ गामी चुनावों के चलते रूस के साथ टकराव बढ़ा रहे हैं. पुतिन ने कहा कि पेट्रो पोरोशेंको अज़ोव सागर विवाद के ज़रिए 2019 के चुनावों में अपनी रेटिंग बढ़ाना चाहते हैं. उन्होंने बुधवार को एक इन्वेस्टमेंट फोरम में ये बातें कहीं. वहीं अज़ोव सागर में यूक्रेन के तीन सैन्य जहाजों पर रूस के क़ब्ज़े के बाद यूक्रेन में 30 दिनों के लिए मार्शल लॉ लगा दिया गया है. पेट्रो पोरोशेंको ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा, '' रूस से युद्ध की आशंका को लेकर देश ख़तरे में, इसे कोई मज़ाक न समझे.'' कैसे शुरू हुआ टकराव? यूक्रेन की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि रूस के विशेष बलों ने बंदूक़ों से लैस दो नावों और नौकाओं को खींचने वाले एक जहाज़ का पीछा किया और फिर उन्हें अपने क़ब्ज़े में ले लिया. इस घटना में क्रू के छह सदस्य ज़ख्मी हुए थे. रूस और यूक्रेन के बीच क्रीमिया को लेकर तनाव सालों पुराना है. 2003 की संधि के मुताबिक़, रूस और यूक्रेन के बीच कर्च स्ट्रेट जलमार्ग और अज़ोव सागर के बीच जल सीमाएं...